Maharajganj Times

सरकारी जमीन पर 30 साल का कब्जा खत्म, 16 एकड़ भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Maharajganj
Tuesday, 16 Jun, 2026
0
1175

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  सरकारी भूमि पर वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निचलौल तहसील के गिरहिया गांव में करीब 16 एकड़ सीलिंग भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। लगभग तीन दशक से विवादों में रही इस जमीन पर खड़ी गन्ने की फसल को ट्रैक्टरों से जोतकर हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान पूनम चौधरी ने जिलाधिकारी से शिकायत कर गांव की सीलिंग घोषित भूमि पर लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे को हटाने की मांग की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई और भूमि को सरकारी अभिलेखों में सीलिंग की जमीन पाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि आराजी संख्या 106 और 107 की कुल करीब 16 एकड़ भूमि पर कुछ लोगों ने वर्षों से खेती कर रखी थी। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कब्जामुक्त कराई गई जमीन को राजस्व विभाग की निगरानी में रखा जाएगा। साथ ही भविष्य में दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान निचलौल थाना प्रभारी अंकित सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।